Breaking
Sun. May 31st, 2026

विश्व नशा निषेध दिवस पर ग्रामीणों को किया गया जागरूक, नशा मुक्त समाज बनाने का लिया संकल्प

चाईबासा: विश्व नशा निषेध दिवस के अवसर पर 90 दिवसीय विशेष विधिक जागरूकता अभियान के तहत खूंटपानी प्रखंड की पूर्णिया पंचायत स्थित पंचायत भवन में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन नालसा, नई दिल्ली, झालसा, रांची तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष डीएलएसए चाईबासा मौहम्मद शाकिर के निर्देश पर किया गया।

कार्यक्रम में लोगों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए नशा मुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया। मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित डीएलएसए सचिव रवि चौधरी ने ग्रामीणों से नशे से दूर रहने और नई पीढ़ी के लिए बेहतर वातावरण तैयार करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि माता-पिता या अभिभावक नशे का सेवन करते हैं तो बच्चे भी उसी राह पर चलने के लिए प्रेरित होते हैं।

रवि चौधरी ने कहा कि नशा कई बीमारियों और सामाजिक समस्याओं की जड़ है। यह न केवल शरीर को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि पारिवारिक और सामाजिक रिश्तों को भी प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि नशे की लत से छुटकारा पाने के लिए दृढ़ इच्छाशक्ति और लगातार प्रयास जरूरी है। इस दौरान उन्होंने उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलाई। ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं ने नशा मुक्त गांव और पंचायत के निर्माण में सहयोग देने का भरोसा दिया।

कार्यक्रम में अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी चक्रधरपुर अंकित कुमार सिंह ने कहा कि दृढ़ संकल्प के साथ किसी भी प्रकार के नशे की आदत को छोड़ा जा सकता है। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि किसी भी अच्छी आदत को विकसित करने के लिए नियमित अभ्यास जरूरी है और इसी तरह नशे से दूरी बनाकर भी स्वस्थ जीवन की ओर बढ़ा जा सकता है।

अधिकार मित्र विकास दोदराजका ने कार्यक्रम का संचालन किया तथा नालसा और झालसा द्वारा उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न कानूनी सहायता एवं नागरिक सुविधाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम के सफल आयोजन में पीएलवी अलकमा रूही और असीमा चैटर्जी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

प्रखंड प्रमुख सिद्धार्थ होनहागा ने हो भाषा में ग्रामीणों को संबोधित करते हुए नशे के दुष्परिणामों और डीएलएसए से मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीणों को हो भाषा में नशे से दूर रहने की प्रतिज्ञा भी दिलाई।

कार्यक्रम में ग्रामीण मुंडा, ग्राम विकास समिति के पदाधिकारी बागुन होनहागा, सुमन होनहागा, पीएलवी अरुण विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

Related Post