Breaking
Sat. May 30th, 2026

हाईटेंशन तार से टकराया कंटेनर, आग में जिंदा जला चालक; औद्योगिक क्षेत्र में मचा हड़कंप

आदित्यपुर। सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में शनिवार सुबह हुए भीषण हादसे में एक कंटेनर चालक की दर्दनाक मौत हो गई। आरआईटी थाना क्षेत्र के पम्मी धर्मकांटा के समीप हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने के बाद लॉजिस्टिक कंटेनर में आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि चालक वाहन से बाहर नहीं निकल सका और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे एक लॉजिस्टिक कंटेनर वजन कराने के लिए पम्मी धर्मकांटा की ओर जा रहा था। इसी दौरान कंटेनर का ऊपरी हिस्सा सड़क के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन विद्युत तार के संपर्क में आ गया। संपर्क होते ही तेज धमाके जैसी आवाज के साथ चिंगारियां निकलने लगीं और देखते ही देखते कंटेनर आग की लपटों में घिर गया। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे में कंटेनर चालक भरत पटेल गंभीर रूप से झुलस गए। स्थानीय लोगों ने बचाव का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता के कारण चालक तक पहुंचना संभव नहीं हो सका। बाद में आग शांत होने पर चालक का शव बरामद किया गया। मृतक भरत पटेल गोहरगंज के विनेका तहसील क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना ट्रांसपोर्ट कंपनी के माध्यम से उनके परिजनों को दे दी गई है।

वहीं,सूचना मिलने पर आरआईटी थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Related Post