चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के खूंटपानी प्रखंड मुख्यालय से शनिवार को महिलाओं और किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से ‘चुप्पी तोड़ो, स्वस्थ रहो’ जागरूकता रथ को रवाना किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पश्चिमी सिंहभूम के उप विकास आयुक्त (डीडीसी) उत्कर्ष कुमार ने हरी झंडी दिखाकर किया।
इस अवसर पर डीडीसी उत्कर्ष कुमार ने कहा कि अभियान का उद्देश्य किशोरियों और महिलाओं को माहवारी से जुड़ी सही एवं वैज्ञानिक जानकारी उपलब्ध कराना, स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक बनाना तथा समाज में व्याप्त भ्रांतियों और मिथकों को दूर करना है। उन्होंने कहा कि जागरूकता रथ प्रखंड के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर नुक्कड़ नाटक, प्रचार सामग्री और उद्घोषणाओं के माध्यम से लोगों को जागरूक करेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खूंटपानी प्रमुख सिद्धार्थ होनहागा ने कहा कि मासिक धर्म महिलाओं के जीवन की एक प्राकृतिक प्रक्रिया है, लेकिन आज भी इसे लेकर समाज में संकोच और गलत धारणाएं मौजूद हैं। इन भ्रांतियों को दूर करने के लिए सामूहिक प्रयास की आवश्यकता है।
जिला परिषद सदस्य यमुना तियू ने कहा कि प्रत्येक किशोरी और महिला को सुरक्षित, स्वच्छ और सम्मानजनक वातावरण मिलना चाहिए। वहीं प्रखंड विकास पदाधिकारी धनंजय पाठन ने कहा कि सभी किशोरियों को स्वच्छ सेनेटरी पैड, साफ पानी, शौचालय और आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी जानकारी उपलब्ध कराना जरूरी है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खूंटपानी के प्रभारी डॉ. आलोक रंजन महतो ने कहा कि मासिक धर्म स्वच्छता को लेकर जागरूकता बढ़ी है, लेकिन अब भी इस विषय पर खुलकर चर्चा नहीं होती। ऐसे अभियान इस चुप्पी को तोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्वास्थ्यकर्मी, जनप्रतिनिधि, आंगनबाड़ी सेविकाएं, सहियाएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं एवं किशोरियां उपस्थित थीं।

