चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र के बालजोड़ी गांव में सुबह जंगल में शौच के लिए गई 18 वर्षीय नवविवाहिता मुक्ता गगराई पर अचानक जंगली भालू ने हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गई और उसे बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार मुक्ता गगराई सुबह गांव के समीप स्थित जंगल की ओर गई थी। इसी दौरान झाड़ियों से निकले एक जंगली भालू ने उस पर हमला बोल दिया। भालू ने उसके सिर, चेहरे, नाक, मुंह और दाहिने हाथ पर बुरी तरह हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गई। मुक्ता की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े। ग्रामीणों को आते देख भालू जंगल की ओर भाग निकला।
घटना के बाद परिजन और ग्रामीण तत्काल घायल महिला को उपचार के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार महिला की हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।
मुक्ता के पति सुनील गगराई ने बताया कि उनकी शादी को अभी केवल एक माह ही हुआ है। इस हादसे के बाद पूरा परिवार सदमे में है और महिला के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहा है।
गांव के लोगों का कहना है कि हाल के दिनों में जंगल से सटे इलाकों में जंगली भालुओं और हाथियों की आवाजाही बढ़ गई है। इससे ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों में डर का माहौल बना हुआ है। लोगों का कहना है कि जंगल की ओर अकेले जाना अब जोखिम भरा हो गया है।

