जमशेदपुर। टाटानगर और आसपास के क्षेत्रों में यात्री ट्रेनों की लगातार लेटलतीफी को लेकर चल रहे विरोध के बीच दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक (जीएम) ने बड़ा फैसला लिया है। बुधवार को जमशेदपुर में रेल यात्री संघर्ष समिति और रेलवे अधिकारियों के बीच हुई बैठक में जीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि अब यात्री ट्रेनों को रोककर मालगाड़ियों को आगे नहीं बढ़ाया जाएगा।
बैठक में विधायक Saryu Roy ने कहा कि टाटानगर में रेल यात्रियों की सबसे बड़ी समस्या ट्रेनों की देरी है। उन्होंने रेलवे अधिकारियों को बताया कि स्थानीय मेमू और पैसेंजर ट्रेनों के घंटों लेट होने से व्यवसायियों, कर्मचारियों, छात्रों और दैनिक मजदूरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि कई यात्री ट्रेनें चांडिल, कांड्रा, गम्हरिया और राखा माइंस जैसे स्टेशनों तक समय पर पहुंच जाती हैं, लेकिन वहां से टाटानगर आने में 35 से 40 किलोमीटर की दूरी तय करने में चार से पांच घंटे लग जाते हैं।
रेल जीएम ने संघर्ष समिति की मांगों को स्वीकार करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी परिस्थिति में यात्री ट्रेनों को खड़ा कर मालगाड़ियों को प्राथमिकता न दी जाए। उन्होंने कहा कि यात्री ट्रेनों की समयबद्ध आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए प्रतिदिन समीक्षा की जाएगी।
बैठक के दौरान संघर्ष समिति के संयोजक शिव शंकर सिंह ने पूछा कि रेलवे के इस निर्णय की निगरानी कैसे होगी। इस पर जीएम ने चक्रधरपुर मंडल के डीआरएम को जमशेदपुर में एक पूर्णकालिक पब्लिक रिलेशन इंस्पेक्टर नियुक्त करने का निर्देश दिया। यह अधिकारी ट्रेनों की लेटलतीफी, परिचालन व्यवस्था और यात्री ट्रेनों को प्राथमिकता देने के निर्देशों की निगरानी करेगा। साथ ही वह प्रतिदिन ट्रेनों के परिचालन की जानकारी प्रेस और संघर्ष समिति को उपलब्ध कराएगा।
विधायक Saryu Roy ने बैठक के बाद कहा कि रेलवे ने संघर्ष समिति की सभी प्रमुख मांगों को स्वीकार किया है। समिति कुछ दिनों तक रेलवे के आश्वासनों के क्रियान्वयन पर नजर रखेगी, उसके बाद आगे की रणनीति तय की जाएगी।
बैठक में दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक के साथ एजीएम, चक्रधरपुर मंडल के डीआरएम, सीनियर डीसीएम समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। वहीं रेल यात्री संघर्ष समिति की ओर से विधायक सरयू राय, शिव शंकर सिंह, कन्हैया सिंह, सुबोध श्रीवास्तव, अजय कुमार, नीरज सिंह, अमित शर्मा और राजीव समेत अन्य सदस्य शामिल हुए।

