रांची। ऑनलाइन गेमिंग की बढ़ती लत एक बार फिर गंभीर चिंता का कारण बनी है। राजधानी रांची से लापता हुए 15 वर्षीय किशोर आशविन आनंद को रांची पुलिस ने तकनीकी जांच और लगातार प्रयास के बाद दिल्ली से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस की सक्रियता से परिवार ने राहत की सांस ली है।
जानकारी के अनुसार, आशविन आनंद 24 मई को अचानक घर से गायब हो गया था। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर उसकी काफी तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो उन्होंने रांची के सदर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने इसे गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि किशोर ऑनलाइन गेम STAKE खेलने का आदी हो गया था और उसमें काफी पैसे हार चुका था। इसी वजह से वह मानसिक तनाव में था। आशंका जताई जा रही है कि इसी दबाव के कारण उसने बिना किसी को बताए घर छोड़ दिया।
सदर थाना पुलिस की तकनीकी टीम ने मोबाइल लोकेशन और अन्य डिजिटल माध्यमों की मदद से किशोर की गतिविधियों का पता लगाया। जांच के क्रम में उसके दिल्ली में होने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दिल्ली पहुंचकर उसे सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि किशोर पूरी तरह सुरक्षित है और उसे परिजनों के सुपुर्द करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी से जुड़े प्लेटफॉर्म्स की लत के दुष्प्रभावों को सामने ला दिया है।
रांची पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखें, उनके व्यवहार में होने वाले बदलाव को गंभीरता से समझें और समय-समय पर उनसे संवाद करते रहें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

