Breaking
Wed. May 27th, 2026

बिष्टुपुर के निक्को पार्क वाटर पार्क में युवती से छेड़खानी, विरोध करने पर मारपीट, चार युवक हिरासत में

जमशेदपुर। बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित निक्को पार्क के वाटर पार्क में बुधवार दोपहर एक युवती के साथ कथित छेड़खानी और मारपीट की घटना से अफरा-तफरी मच गई। आरोप है कि वाटर स्लाइडर में स्लाइड करने के दौरान कुछ युवकों ने युवती के साथ अभद्र व्यवहार और छेड़खानी करने की कोशिश की। युवती द्वारा विरोध जताने पर मामला बढ़ गया और आरोपियों ने उसके साथ मारपीट कर दी। घटना में युवती के गले में अंदरूनी चोट आने की बात कही जा रही है।

जानकारी के मुताबिक पीड़ित युवती एक पुलिसकर्मी की बेटी बताई जा रही है, जो अपने परिजनों के साथ घूमने के लिए वाटर पार्क पहुंची थी। इसी दौरान वहां मौजूद चार युवकों का एक समूह युवती के पीछे पड़ गया और उस पर फब्तियां कसने लगा। आरोप है कि स्लाइडिंग के दौरान युवती के साथ जबरन छेड़खानी करने का प्रयास किया गया। युवती और उसके परिवार ने जब इसका विरोध किया तो आरोपियों ने आक्रामक रवैया अपनाते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान एक युवक ने युवती के गले पर पैर से वार कर दिया, जिससे उसे अंदरूनी चोट लगी।

घटना के बाद वाटर पार्क परिसर में काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराने की कोशिश की। सूचना मिलने पर बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल कार्रवाई करते हुए चार युवकों को हिरासत में लेकर थाना ले गई।

पुलिस के अनुसार हिरासत में लिए गए युवकों में भाटिया बस्ती निवासी कुणाल गोराई और मोहित रंधावा समेत अन्य शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में यह बात भी सामने आई है कि आरोपी युवक नशे की हालत में थे। पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और वाटर पार्क में मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।

थाना प्रभारी अशोक दुबे ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। युवती और उसके परिजनों के बयान लिए जा रहे हैं। पुलिस वाटर पार्क में लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके। जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Post