जमशेदपुर। मंगलवार को पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह ने किया। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों के खिलाफ जमकर विरोध जताया और आम लोगों को राहत देने की मांग उठाई।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार वृद्धि होने से महंगाई चरम पर पहुंच गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि ईंधन के दाम बढ़ने से परिवहन लागत में लगातार इजाफा हो रहा है, जिसका सीधा असर खाद्य सामग्री, सब्जियों, दवाइयों, रसोई गैस और दैनिक जरूरत की वस्तुओं की कीमतों पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि किसान, मजदूर, मध्यम वर्ग और छोटे व्यापारी आर्थिक दबाव झेल रहे हैं, लेकिन केंद्र सरकार जनता की समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है।
परविंदर सिंह ने कहा कि चुनाव के दौरान महंगाई कम करने का वादा करने वाली भाजपा सरकार अब जनता से किए गए वादों से पीछे हट चुकी है। उन्होंने दावा किया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में कमी आने के बावजूद देश में पेट्रोल-डीजल के दाम कम नहीं किए जा रहे हैं। कांग्रेस नेताओं ने इसे टैक्स के नाम पर आम लोगों पर अतिरिक्त बोझ डालने वाला कदम बताया।
कार्यकारी अध्यक्ष अवधेश सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज बनकर लगातार संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने कहा कि हस्ताक्षर अभियान के दौरान लोगों में बढ़ती महंगाई को लेकर भारी नाराजगी देखने को मिली है और आने वाले दिनों में पार्टी इस मुद्दे को लेकर और बड़ा आंदोलन करेगी।
कार्यक्रम का संचालन संजय सिंह आजाद ने किया। अभियान में प्रदेश महामंत्री रविन्द्र कुमार झा, बिजय यादव, जिला उपाध्यक्ष राजकिशोर यादव, रजनीश सिंह, अविनाश सिंह, शैलेश पाण्डेय, सामंता कुमार, जसवंत सिंह जस्सी, रईस रिजवी, अपर्णा गुहा, आशुतोष सिंह, गुरदीप सिंह सोहल, सुखदेव सिंह मल्ली, मकसूद आलम, पूरबी रानी दत्ता, अमित श्रीवास्तव, राजा सिंह राजपूत, नलिनी सिन्हा, एआर कैलाश, अरुण बारीक, दुर्गा प्रसाद, सुभाष उपाध्याय, प्रताप यादव, संजीव रंजन, राजेन्द्र सिंह, शिल्पी चक्रवर्ती, फिरोज खान, सुनीता ओझा, कौशल प्रधान, सुल्तान अहमद, अतुल गुप्ता, सन्नी सिंह, आशीष ठाकुर, शबाना परवीन, अमृत पाल सिंह, संदीप मिश्र, राकेश साहू, लक्की शर्मा, रविन्द्र मौर्या, राजेश झा, भोला यादव, रंजीत सिंह, नमिता सिंह, रीता शर्मा, बसंत कुमार मिश्र, सुरेश राय और राधेश्याम महतो समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

