Breaking
Tue. May 26th, 2026

रेल महाप्रबंधक ने सरयू राय से मांगा वार्ता का समय, ट्रेनों की लेटलतीफी पर होगी अहम चर्चा

जमशेदपुर। दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन ने मंगलवार को जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय से फोन पर संपर्क कर वार्ता के लिए समय मांगा है। इसके बाद बुधवार को टाटानगर में रेल यात्री संघर्ष समिति के प्रतिनिधियों के साथ महाप्रबंधक और सरयू राय की बैठक तय हुई है। बैठक में टाटानगर होकर गुजरने वाली ट्रेनों की लगातार लेटलतीफी और यात्रियों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा होगी।

बताया गया है कि महाप्रबंधक के निर्देश पर चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम तरुण हुरिया ने सरयू राय से संपर्क किया। बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि महाप्रबंधक टाटानगर दौरे के दौरान उनसे मिलकर रेल यात्रियों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करना चाहते हैं। इसके बाद सरयू राय ने रेल यात्री संघर्ष समिति के प्रमुख सदस्यों से विचार-विमर्श किया और सामूहिक रूप से बैठक में शामिल होने का निर्णय लिया गया।

सरयू राय ने कहा कि रेल यात्री संघर्ष समिति लंबे समय से टाटानगर से चलने वाली मेमू और पैसेंजर ट्रेनों की देरी का मुद्दा उठा रही है। उन्होंने कहा कि रोजाना हजारों नौकरीपेशा लोग, विद्यार्थी, व्यापारी, औद्योगिक क्षेत्र में कार्यरत कर्मचारी और आम यात्री इन ट्रेनों पर निर्भर रहते हैं, लेकिन ट्रेनों के अनियमित परिचालन से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है।

उन्होंने कहा कि समिति की ओर से महाप्रबंधक के समक्ष यह मांग रखी जाएगी कि टाटानगर स्टेशन से ट्रेनों का समय पर परिचालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही यात्री सुविधाओं में सुधार और लोकल ट्रेनों की समयबद्धता को प्राथमिकता देने की भी मांग की जाएगी।

Related Post