चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिले के खुंटपानी प्रखंड अंतर्गत पुरुनियाँ गांव में सोमवार शाम तेज आंधी-तूफान और बवंडर से दर्जनों घर क्षतिग्रस्त हो गए। प्राकृतिक आपदा के कारण कई परिवारों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।
घटना की सूचना मिलने के बाद खुंटपानी प्रखंड प्रमुख सिद्धार्थ होनहागा ने गांव पहुंचकर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और नुकसान का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवारों को आपदा विभाग से मिलने वाली सहायता राशि दिलाने का आश्वासन दिया।
प्रखंड प्रमुख ने जिला प्रशासन को मामले से अवगत कराते हुए कहा कि प्रभावित परिवारों को जल्द से जल्द मुआवजा राशि उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि लगातार आंधी-तूफान की घटनाओं से गरीब परिवारों के घर उजड़ रहे हैं, लेकिन कई मामलों में प्रशासनिक सहायता समय पर नहीं पहुंच पाती है।
सिद्धार्थ होनहागा ने जिला उपायुक्त से मांग करते हुए कहा कि ऐसे मामलों में प्रशासन तत्काल संज्ञान ले और प्रभावित गरीब परिवारों को शीघ्र राहत एवं सहायता उपलब्ध कराई जाए।

