Breaking
Tue. May 26th, 2026

टाटा कॉलेज में क्लस्टर सिस्टम के विरोध में छात्रों की बैठक, आंदोलन की चेतावनी*

चाईबासा: टाटा कॉलेज चाईबासा में मंगलवार को कोल्हान छात्र संघर्ष समन्वय समिति के नेतृत्व में विश्वविद्यालय द्वारा प्रस्तावित क्लस्टर सिस्टम के विरोध में छात्र-छात्राओं की विशाल बैठक आयोजित की गई। कॉलेज सभागार में आयोजित इस बैठक में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया और क्लस्टर सिस्टम को छात्र विरोधी बताते हुए आंदोलन चलाने का संकल्प लिया।

बैठक को संबोधित करते हुए समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन बिना छात्र-छात्राओं की राय लिए जबरन क्लस्टर सिस्टम लागू करना चाहता है, जो पूरी तरह अव्यवहारिक है। वक्ताओं ने कहा कि इस व्यवस्था के लागू होने से ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों को सबसे अधिक परेशानी होगी। छात्रों को पढ़ाई, परीक्षा और अन्य शैक्षणिक कार्यों के लिए दूसरे महाविद्यालयों में जाना पड़ेगा, जिससे समय और आर्थिक बोझ बढ़ेगा।

छात्र नेताओं ने कहा कि पहले से ही विद्यार्थी परिवहन, आर्थिक समस्या और संसाधनों की कमी से जूझ रहे हैं। ऐसे में क्लस्टर सिस्टम छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ साबित होगा। बैठक में उपस्थित छात्र-छात्राओं ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय प्रशासन छात्रों की समस्याओं को नजरअंदाज कर तुगलकी निर्णय थोप रहा है।

बैठक में विद्यार्थियों ने एक स्वर में कहा कि यदि विश्वविद्यालय प्रशासन इस निर्णय को वापस नहीं लेता है, तो आने वाले दिनों में चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। आंदोलन के तहत कॉलेज स्तरीय बैठक, जनजागरण अभियान, हस्ताक्षर अभियान, कुलपति और विश्वविद्यालय प्रशासन का घेराव, धरना-प्रदर्शन तथा सड़क पर उतरकर व्यापक छात्र आंदोलन चलाने की चेतावनी दी गई।

समिति ने कहा कि छात्र हितों के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और क्लस्टर सिस्टम वापस लिए जाने तक आंदोलन जारी रहेगा। बैठक के अंत में सभी छात्र-छात्राओं से एकजुट होकर छात्र अधिकारों की लड़ाई में शामिल होने की अपील की गई।

बैठक में सन्नी सिंकू, प्रीतम प्रकाश पूर्ति, शैली शैलेंद्र सिंकू, सनातन पिंगुआ, पिपुन बारीक और बासिल हेम्ब्रम समेत कोल्हान छात्र संघर्ष समन्वय समिति के पदाधिकारी एवं सैकड़ों छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

Related Post