Breaking
Tue. May 26th, 2026

चाकुलिया वन क्षेत्र में हाथियों का हमला, सब्जी विक्रेता गंभीर रूप से घायल

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया वन क्षेत्र में हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार देर रात चाकुलिया-केरूकोचा मुख्य सड़क पर बड़ामारा गांव के पास हाथियों के झुंड ने एक बाइक सवार पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान बहरागोड़ा प्रखंड के धाधिका गांव निवासी 45 वर्षीय नीलकंठ नायक के रूप में हुई है, जो पेशे से सब्जी विक्रेता हैं।

बताया जाता है कि नीलकंठ नायक सोमवार को चाकुलिया के जोड़ाम हाट में सब्जी बेचने गए थे। देर रात वह बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान बड़ामारा गांव के समीप सड़क पर अचानक उनका सामना हाथियों के झुंड से हो गया। हाथियों को देखते ही उन्होंने बाइक छोड़ दी और जान बचाने के लिए भागने लगे, लेकिन एक हाथी ने उनका पीछा कर पास के खेत में घेर लिया। इसके बाद हाथी ने उन पर हमला कर दिया। हमले के दौरान हाथी ने उनके सीने पर पैर रख दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हालांकि किसी तरह भागकर उन्होंने अपनी जान बचाई।

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल चाकुलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि उनके शरीर पर कई गंभीर चोटें आई हैं।

घटना की जानकारी मिलने पर विधायक समीर मोहंती भी सक्रिय हुए। ग्रामीणों ने उन्हें फोन पर सूचना दी, जिसके बाद वह स्वयं मौके पर पहुंचे और अपने वाहन से घायल को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। वहीं वन विभाग की टीम भी अस्पताल पहुंची और घायल का हालचाल जाना।

ग्रामीणों के अनुसार बड़ामारा गांव के आसपास इन दिनों सात हाथियों का झुंड विचरण कर रहा है। हाथियों की लगातार आवाजाही के कारण लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। रात के समय ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि हाथी अक्सर मुख्य सड़क पर भी आ जाते हैं। लोगों का कहना है कि हाथियों के कारण गांवों में दहशत फैली हुई है और वन विभाग स्थिति पर प्रभावी नियंत्रण करने में विफल साबित हो रहा है।

Related Post