चाईबासा: ईद-उल-जोहा (बकरीद) पर्व 2026 को लेकर नगर परिषद चाईबासा ने विधि-व्यवस्था एवं स्वच्छता बनाए रखने के उद्देश्य से आम सूचना जारी की है। नगर परिषद ने लोगों से शांतिपूर्ण एवं जिम्मेदारीपूर्वक पर्व मनाने की अपील की है।
जारी सूचना में कहा गया है कि बकरीद के अवसर पर पशुओं की कुर्बानी खुले में, घर के बाहर अथवा सार्वजनिक स्थानों पर नहीं दी जाए। इसके लिए उचित स्थल चिन्हित कर उसे घेरने की व्यवस्था की जाए, ताकि राहगीरों एवं अन्य लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
नगर परिषद ने निर्देश दिया है कि कुर्बानी के बाद अनुपयोगी चीजों के निपटारे की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही सार्वजनिक स्थलों पर कुर्बानी के अवशेष या अनुपयोगी सामग्री फेंकने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सूचना के अनुसार सार्वजनिक स्थानों पर अनुपयोगी चीजें फेंकने पर दोषियों से 1000 रुपये जुर्माना वसूला जाएगा।
नगर परिषद ने यह भी कहा है कि यदि कोई असामाजिक तत्व निषिद्ध या प्रतिबंधित पशुओं के अंग धार्मिक स्थलों पर फेंककर साम्प्रदायिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश करता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

