बोकारो:- बालीडीह थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अवैध एल्युमिनियम तार लदे एक ऑटो वाहन को पकड़कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 70 किलोग्राम कटिंग किया हुआ एल्युमिनियम तार बरामद किया है।
बालीडीह थाना को सूचना मिली थी कि उजले रंग के ऑटो में चोरी किया गया एल्युमिनियम तार लोड कर ग्रामीण रास्ते से शहर से बाहर ले जाया जा रहा है। सूचना के बाद थाना मोड़ पर वाहन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान ऑटो संख्या JH10V-3892 को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर भागने लगा। पुलिस बल ने घेराबंदी कर नरकरा पुलिया के पास वाहन को पकड़ लिया।
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें सवार चार लोगों के पास से हरे रंग के बोरे में रखा लगभग 70 किलो कटिंग किया हुआ एल्युमिनियम तार बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। जांच में पता चला कि सभी आरोपियों ने बोकारो स्टील प्लांट से एल्युमिनियम तार चोरी कर उसे जमा किया था, गिरफ्तार आरोपियों में प्रकाश कुमार उपाध्याय उर्फ घनु (29 वर्ष), मिथुन कुमार (21 वर्ष), प्रिंस कुमार (23 वर्ष) तथा रोहित कुमार (20 वर्ष) शामिल हैं। इनमें प्रकाश कुमार और रोहित कुमार का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है।

