Breaking
Sat. May 23rd, 2026

पैतृक घर से बेदखल करने और जान से मारने की धमकी का आरोप, पीड़ित ने पुलिस से लगाई सुरक्षा की गुहार

जमशेदपुर। मानगो थाना क्षेत्र के आजादगढ़ निवासी मोहम्मद इरशाद ने अपने ही बड़े भाई और भतीजों पर पैतृक घर से बेदखल करने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने सिटी एसपी को लिखित शिकायत सौंपकर सुरक्षा और न्याय की मांग की है।

शिकायत में मोहम्मद इरशाद ने बताया कि उनके पिता का निधन वर्ष 2013 में हो गया था। पिता की मौत के बाद वह अपनी मां के साथ हुली रोड, पुरुलिया रोड स्थित पैतृक घर में रह रहे थे। कुछ वर्ष पूर्व उनकी मां का भी निधन हो गया। इसके बाद से उनके बड़े भाई द्वारा लगातार उन्हें घर से निकालने का प्रयास किया जा रहा है।

इरशाद के अनुसार, घर में पारिवारिक विवाद बढ़ने के बाद शांति बनाए रखने के उद्देश्य से वह नौकरी के सिलसिले में बाहर रहने लगे थे। इसी दौरान उनके भाई ने घर में तीन कमरे बनाकर उन पर कब्जा कर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि एक कमरे में रखा सोफा, टीवी, पलंग, मां के पुराने दस्तावेज और पैतृक जमीन से जुड़े महत्वपूर्ण कागजात भी गायब कर दिए गए।

पीड़ित ने आरोप लगाया कि उनके बड़े भाई ने उनकी पत्नी को धक्का देकर गिरा दिया था। उस समय वह इलाज के लिए बाहर गए हुए थे। उन्होंने बताया कि 4 दिसंबर 2025 को उनके भाई और दो भतीजों ने मिलकर उनके साथ गाली-गलौज की और घर खाली करने का दबाव बनाया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।

मोहम्मद इरशाद ने शिकायत में कहा है कि आरोपियों ने उन्हें धमकी देते हुए कहा कि अगर उन्होंने घर छोड़कर नहीं गया तो अंजाम बुरा होगा। उन्होंने यह भी आशंका जताई कि उनके साथ किसी बड़ी घटना को अंजाम दिया जा सकता है। इरशाद ने बताया कि उनकी तीन बहनें भी हैं और पूरे परिवार में डर का माहौल बना हुआ है।

पीड़ित ने सिटी एसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई करने तथा उन्हें और उनके परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।

Related Post