Breaking
Sat. May 23rd, 2026

*डब्बा में नहीं मिला डीजल, तो जनरेटर लेकर पेट्रोल पंप पहुंच गया युवक* *हंटरगंज में अनोखा विरोध, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो*

चतरा : चतरा जिले के हंटरगंज थाना क्षेत्र स्थित डुमरी के भारत पेट्रोलियम जिया फ्यूल सर्विस पेट्रोल पंप पर एक अनोखी घटना सामने आई है। डब्बा में डीजल नहीं मिलने से नाराज़ युवक जनरेटर को धक्का देते हुए सीधे पेट्रोल पंप पहुंच गया। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, डुमरी निवासी रोहित कुमार के घर बुधवार को छठियार समारोह आयोजित था। घर में डीजे बज रहा था और मेहमान जश्न में शामिल थे। इसी दौरान अचानक जनरेटर का डीजल खत्म हो गया, जिससे कार्यक्रम रुक गया।

इसके बाद रोहित कुमार डब्बा लेकर पेट्रोल पंप पहुंचे ताकि थोड़ा डीजल मिल सके, लेकिन पंप कर्मियों ने प्रशासनिक गाइडलाइन का हवाला देते हुए डब्बा में डीजल देने से मना कर दिया। कर्मचारियों का कहना था कि जिला प्रशासन के निर्देश के कारण बोतल या डब्बा में तेल नहीं दिया जा सकता।

डीजल नहीं मिलने से नाराज़ युवक वापस लौटा और कुछ देर बाद जनरेटर को धक्का देते हुए सीधे पेट्रोल पंप पहुंच गया। वहां उसने जनरेटर में ही डीजल भरवाया। यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोग भी हैरान रह गए। किसी ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जिसके बाद वीडियो तेजी से वायरल हो गया।

घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कुछ लोग इसे नियमों की मजबूरी बता रहे हैं, तो कई लोग सवाल उठा रहे हैं कि आपात स्थिति में आम लोगों को थोड़ी मात्रा में डीजल भी नहीं मिलना क्या सही है?

हालांकि, मामले में अब तक प्रशासन या पेट्रोल पंप प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

*लोगों के सवाल*

अगर रास्ते में वाहन या जनरेटर बंद हो जाए तो लोग क्या करें?

क्या नियम सिर्फ आम लोगों के लिए ही हैं?

आखिर आपात स्थिति में राहत की व्यवस्था क्यों नहीं?

क्या प्रशासन इस मामले पर कोई स्पष्ट गाइडलाइन जारी करेगा?

इधर सरकार ने पेट्रोल, डीजल और गैस की किसी भी प्रकार की कमी से इनकार करते हुए लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।

Related Post