Breaking
Fri. May 22nd, 2026

रामनगर गांधी बस्ती में जुए के अड्डे पर पुलिस की छापेमारी, 8 जुआरी गिरफ्तार

जमशेदपुर‌। कदमा थाना क्षेत्र स्थित रामनगर गांधी बस्ती में खुलेआम संचालित हो रहे जुए के अड्डे पर पुलिस ने गुरुवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए आठ लोगों को गिरफ्तार किया। वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।

पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से इलाके की घेराबंदी कर मौके पर छापेमारी की, जहां आठ लोगों को जुआ खेलते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया। शुक्रवार को कदमा थाना प्रभारी दिलीप कुमार यादव ने प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि कार्रवाई के दौरान जुए के फड़ से कुल 35 हजार 520 रुपये नकद बरामद किए गए। इसके अलावा सात मोबाइल फोन, 52 ताश के पत्ते और जुआ खेलने में इस्तेमाल की जा रही एक दरी भी जब्त की गई है।

गिरफ्तार आरोपियों में सोनारी ग्वाला बस्ती निवासी राजन गुप्ता उर्फ राजन, सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल क्षेत्र निवासी राजेश कुमार तुरहा उर्फ बड़का, सोनारी निवासी गोविंदा कुमार साह, पंचवटी नगर निवासी दीपक कुमार उर्फ दीपू, कदमा भाटिया बस्ती निवासी बंटी कुमार गुप्ता, पंचवटी नगर निवासी लालचंद तुरहा उर्फ छनछन, झाबरी बस्ती निवासी सुखदेव सिंह तथा न्यू ग्वाला बस्ती निवासी लखन कुमार ठाकुर उर्फ आजाद ठाकुर शामिल हैं।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी के स्वयं के बयान पर प्राथमिकी दर्ज करते हुए सभी आरोपियों को शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

Related Post