जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के जादूगोड़ा थाना क्षेत्र में गुरुवार रात चोरों ने जमकर उत्पात मचाया। भुरकाडीह गांव समेत आसपास के इलाकों में एक ही रात में तीन घरों और एक विद्यालय में चोरी की वारदात को अंजाम देकर अपराधियों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। लगातार हुई इन घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत और नाराजगी का माहौल है।
सबसे बड़ी चोरी की घटना भुरकाडीह गांव निवासी गायत्री भक्त के घर में हुई। बताया जाता है कि भीषण गर्मी के कारण परिवार के सभी सदस्य रात में घर की छत पर सो रहे थे। इसी दौरान चोर मुख्य दरवाजे का ताला लोहे के सबल से तोड़कर अंदर घुस गए। घर में प्रवेश करने के बाद अपराधियों ने दो अलमारियों को खंगाल डाला और करीब ढाई लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहनों के साथ साढ़े चार हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। सुबह जब परिवार के लोग नीचे उतरे तो घर का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियां खुली मिलीं। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस और आसपास के लोगों को दी गई।
चोरों ने उसी रात मोनिका रानी भक्त और किशोर कुमार गिरी के घरों को भी निशाना बनाया। दोनों घरों की कुंडी तोड़कर अपराधी अंदर घुसे और नगदी सहित कई कीमती सामान चोरी कर ले गए। दोनों परिवार अब तक चोरी हुए सामान का पूरा आकलन कर रहे हैं। लगातार तीन घरों में चोरी की घटनाओं से इलाके के लोगों में भय का माहौल बन गया है।
घरों में चोरी करने के बाद अपराधियों ने आसनवनी उत्क्रमित उच्च विद्यालय में भी हाथ साफ कर दिया। चोरों ने विद्यालय के सात कमरों का ताला तोड़ दिया और वहां रखी करीब 25 हजार रुपये की सामग्री चोरी कर ली। इसके अलावा कई महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेज और फाइलें भी गायब बताई जा रही हैं।
इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद जादूगोड़ा थाना प्रभारी ईश्वर दयाल मुंडा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा चोरी में शामिल अपराधियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। थाना प्रभारी ने दावा किया है कि जल्द ही चोरी की घटनाओं में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

