Breaking
Tue. Jul 14th, 2026

झींकपानी में आठवीं के छात्र ने फांसी लगाकर दी जान, कारण स्पष्ट नहीं

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के झींकपानी थाना क्षेत्र के बेटिया गांव में 15 वर्षीय छात्र अर्जून अल्डा ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना गुरुवार रात की बताई जा रही है। किशोर की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं गांव के लोग भी घटना से स्तब्ध हैं।

जानकारी के अनुसार अर्जून अल्डा कुलड़िहा मिडिल स्कूल का छात्र था और हाल ही में उसने आठवीं कक्षा की परीक्षा दी थी। परिजनों ने बताया कि वह मानसिक रूप से कमजोर था और अक्सर घर से बाहर घूमने जाने की जिद करता था। गुरुवार शाम घर के अन्य सदस्य बाहर गए हुए थे। इसी दौरान उसने घर के अंदर रस्सी के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

काफी देर बाद उसका भतीजा किसी काम से घर पहुंचा। घर के अंदर प्रवेश करते ही उसने अर्जून को फंदे से लटका देखा। इसके बाद उसने शोर मचाकर परिजनों और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

मृतक के पिता मंगल सिंह अल्डा ने बताया कि अर्जून चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था। ग्रामीणों के अनुसार वह शांत और सरल स्वभाव का था तथा अधिकतर समय घर के आसपास ही रहता था। हालांकि उसने आत्महत्या जैसा कदम क्यों उठाया, इसका स्पष्ट कारण अब तक सामने नहीं आ सका है।

घटना की सूचना मिलने पर झींकपानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और परिजनों समेत आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।

Related Post