जमशेदपुर। प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त से मुलाकात कर जिले में प्रेस लिखे फर्जी वाहनों और पत्रकारिता की आड़ में सक्रिय अवांछित तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि हाल के दिनों में बड़ी संख्या में ऐसे लोग प्रेस का बोर्ड लगाकर वाहनों का उपयोग कर रहे हैं, जिनका पत्रकारिता से कोई संबंध नहीं है। इससे न सिर्फ वास्तविक पत्रकारों की छवि प्रभावित हो रही है, बल्कि प्रशासनिक कार्यों में भी बाधाएं उत्पन्न हो रही हैं।
प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को बताया कि कुछ तथाकथित फर्जी पत्रकार प्रेस का रौब दिखाकर वैध और अवैध कारोबार से जुड़े लोगों पर दबाव बनाते हैं तथा भयादोहन जैसी गतिविधियों में संलिप्त रहते हैं। इस कारण पत्रकारिता की गरिमा लगातार धूमिल हो रही है और आम लोगों का भी शोषण हो रहा है। प्रेस क्लब ने ऐसे तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।
मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने प्रेस क्लब से जिले के सक्रिय और कार्यशील पत्रकारों की सूची उपलब्ध कराने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सूची के आधार पर प्रेस लिखे अवैध वाहनों की जांच कर कार्रवाई की जाएगी और पत्रकारिता के नाम पर गलत गतिविधियों में शामिल लोगों को चिन्हित कर दंडित किया जाएगा। उपायुक्त ने तत्काल जिला परिवहन पदाधिकारी को ऐसे वाहनों की जांच का निर्देश भी दिया।
इसके साथ ही उपायुक्त ने सभी मीडिया संस्थानों से अपने सक्रिय पत्रकारों की प्रमाणिक सूची उपलब्ध कराने का आग्रह किया, ताकि वास्तविक पत्रकारों और फर्जी पहचान का इस्तेमाल करने वाले लोगों के बीच स्पष्ट अंतर किया जा सके।
इस मौके पर प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर के अध्यक्ष मनोज सिंह, महासचिव विनय पूर्ति, कोषाध्यक्ष अजय कुमार महतो, अजय शंकर, देवानंद सिंह, संदीप सवर्ण, जयेश ठाकेर, रामकंडे मिश्रा, राघवेंद्र शर्मा, रंगाधर नंदा, उमाशंकर दुबे, गोविन्द पाठक, मो. अकबर, इंद्रजीत सिंह पिंटू, अमजद खान, इम्तियाज इन्तु, देवाशीष चटर्जी, रवि शंकर, बसंत साहू, अनिमेष सेन गुप्ता, रंजन झा, विनय उपाध्याय, राजेश सिंह, मो. जावेद, मो. अनवर, मुस्तबा रिजवी, चाणक्य साह, मनोज रजक, अनूप मिश्रा, उज्ज्वल कुमार, बाबू वसीम, ऋषव श्रीवास्तव, मो. सदाम समेत कई सदस्य उपस्थित थे।

