Breaking
Fri. Aug 28th, 2026

प्रधान जिला जज ने किया संप्रेषण गृह का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं में सुधार का निर्देश

चाईबासा : झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार रांची के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा के अध्यक्ष सह प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मो. शाकिर ने गुरुवार को संप्रेषण गृह का औचक निरीक्षण किया। उनके साथ जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव रवि चौधरी तथा अन्य पदाधिकारी भी मौजूद थे।

निरीक्षण के दौरान संप्रेषण गृह में आवासित किशोरों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जांच की गई। प्रधान जिला जज ने भोजन व्यवस्था, स्वच्छता, सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधा और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने किशोरों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी भी प्राप्त की।

निरीक्षण के क्रम में उन्होंने आवास परिसर, रसोईघर, शौचालय, अध्ययन कक्ष और चिकित्सा सुविधाओं का भी अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि किशोरों को सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराया जाए तथा उनकी शिक्षा और सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाए।

प्रधान जिला जज ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को बालकों के अधिकारों की सुरक्षा को लेकर संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव रवि चौधरी ने बताया कि समय-समय पर संप्रेषण गृह का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की जाती रहेगी, ताकि आवश्यक सुधार सुनिश्चित किया जा सके।

इस अवसर पर संप्रेषण गृह के अधिकारी, कर्मचारी और अधिकार मित्र भी उपस्थित थे।

Related Post