Breaking
Mon. Jul 13th, 2026

बिल्ली को बचाने में अनियंत्रित हुई बाइक, दंपती घायल

जमशेदपुर : एमजीएम थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-33 स्थित हीराचुन्नी मेन रोड के पास गुरुवार दोपहर एक सड़क हादसे में पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल दंपती की पहचान गुरमा गांव निवासी संदीप महतो और उनकी पत्नी रेणुका महतो के रूप में हुई है। दोनों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार संदीप महतो अपनी पत्नी के साथ सुबह जादूगोड़ा स्थित रंकिणी मंदिर में पूजा-अर्चना करने गए थे। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे दोनों बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान घर से कुछ दूरी पहले सड़क पर अचानक एक बिल्ली आ गई। उसे बचाने के प्रयास में संदीप बाइक से नियंत्रण खो बैठे और वाहन डिवाइडर से टकराकर सड़क पर गिर गया।

हादसे में संदीप महतो के पैर की हड्डी टूट गई, जबकि रेणुका महतो को शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं। घटना के बाद स्थानीय लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। इसके बाद एम्बुलेंस की सहायता से दोनों को तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

घटना के बाद परिजन काफी चिंतित हैं। वहीं घायल दंपती ने बताया कि मंदिर से लौटने के दौरान अचानक हुई इस घटना से वे सदमे में हैं।

Related Post