चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ प्रखंड में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी ने राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। पूर्व विधायक गुरुचरण नायक और भाजपा सोनुआ प्रखंड अध्यक्ष निशांत कुमार महतो के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) के माध्यम से मांग पत्र भेजा और क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग उठाई।
भाजपा नेताओं ने राज्य की हेमंत सोरेन सरकार पर जनहित के मुद्दों की अनदेखी करने और भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। नेताओं का कहना था कि सरकार जनता से किए गए वादों को पूरा करने में विफल रही है और ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है।
ज्ञापन में किसानों से खरीदे गए धान का भुगतान जल्द करने की मांग की गई। भाजपा नेताओं ने कहा कि सरकार ने किसानों से धान की खरीद तो कर ली, लेकिन अब तक उन्हें उनकी उपज का पैसा नहीं मिला है, जिससे किसान आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं।
इसके साथ ही वृद्धा, विधवा और दिव्यांग पेंशन का नियमित भुगतान सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई गई। नेताओं ने आरोप लगाया कि कई लाभुकों को समय पर पेंशन नहीं मिल रही है, जिससे उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने सोनुआ प्रखंड में वर्षों से खराब पड़ी पेयजल व्यवस्था पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में लोगों को पानी के लिए काफी दिक्कत झेलनी पड़ रही है, लेकिन प्रशासन इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है।
ज्ञापन में आवास, पुल-पुलिया और पीसीसी सड़क निर्माण जैसी योजनाओं को समय पर पूरा करने के लिए बालू की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की गई। इसके अलावा मनरेगा कर्मियों के लंबित वेतन का भुगतान जल्द करने की भी अपील की गई।
सभा को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक गुरुचरण नायक ने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति कमजोर हो चुकी है और भ्रष्टाचार बढ़ता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के पास विकास को लेकर कोई स्पष्ट योजना नहीं है और आम जनता खुद को ठगा महसूस कर रही है।
भाजपा नेताओं ने राज्यपाल से हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू कराया जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके।
कार्यक्रम में केदारनाथ नायक, गोपाल कर, गणेश बंदिया, कुलदीप प्रमाणिक और दिनेश खंडायित समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी मौजूद थे।

