प्रतीक संघर्ष फाउंडेशन अपने 25 वर्षों के सामाजिक सफर को यादगार बनाने के लिए आगामी 31 मई, रविवार को बिष्टुपुर स्थित मिलानी हॉल के नवनिर्मित प्रेक्षागृह में वार्षिक सम्मान समारोह आयोजित करने जा रहा है। संस्था की स्थापना झारखंड स्थापना दिवस के दिन हुई थी, इसलिए समारोह में झारखंड की संस्कृति और परंपरा की विशेष झलक देखने को मिलेगी।
समारोह में आने वाले अतिथियों और आगंतुकों का तिलक लगाकर पारंपरिक स्वागत किया जाएगा। पूरे परिसर में झारखंडी वाद्य यंत्र नगाड़ों की गूंज सुनाई देगी। साथ ही आदिवासी महिलाओं का पारंपरिक नृत्य एवं छौ नृत्य समारोह का मुख्य आकर्षण होगा। अतिथियों का अभिनंदन झारखंड की आदिवासी संस्कृति के अनुरूप किया जाएगा।समारोह में टीम पीएसएफ के साथ वर्षभर रक्तदान शिविर आयोजित करने वाली 80 से अधिक स्वयंसेवी संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा। इनमें शहर से लेकर सुदूरवर्ती गांवों तक की संस्थाएं शामिल होंगी।इसके अलावा संस्था से जुड़े 10 शतकवीर रक्तदाताओं को सम्मान मिलेगा। वहीं झारखंड में सबसे बड़ा एसडीपी रक्तदान अभियान चला रहे टीम पीएसएफ से जुड़े पांच ऐसे रक्तदाताओं को भी सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने सर्वाधिक बार एसडीपी रक्तदान किया है।समाज में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर मिसाल पेश करने वाले छह लोगों को संस्था का सर्वोच्च सम्मान “ टीम पीएसएफ गौरव मानव सेवा सम्मान ” प्रदान किया जाएगा।
साथ ही जमशेदपुर ब्लड सेंटर से जुड़े 10 समर्पित सदस्यों को भी सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने मानव सेवा को सर्वोपरि मानकर कार्य किया है।
समारोह में पहली बार किसी स्वयंसेवी संस्था द्वारा “ टाइम बैंक ” एवं संस्था के सदस्यों और उनके परिवारजनों के लिए “ इमरजेंसी मेडिकल फंड बैंक ” की शुरुआत की जाएगी। इसका विधिवत शुभारंभ उपस्थित अतिथियों के करकमलों द्वारा किया जाएगा।

