जमशेदपुर। शहर की सफाई व्यवस्था को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में बुधवार को एक नई पहल की गई। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय की विधायक निधि से खरीदे गए बैटरी चालित छह डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने वाले वाहनों का उद्घाटन जेएनएसी कार्यालय परिसर में किया गया। उद्घाटन विधायक सरयू राय ने नारियल फोड़कर किया। इस दौरान जेएनएसी के उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार भी मौजूद रहे।
इन वाहनों के शुरू होने के साथ ही जमशेदपुर झारखंड का पहला ऐसा शहर बन गया है, जहां बैटरी से चलने वाले वाहनों का उपयोग घर-घर से कूड़ा संग्रहण के लिए किया जाएगा। खासकर शहर की संकरी गलियों में अब सफाई कर्मियों को काफी सहूलियत मिलेगी और कूड़ा उठाने का काम पहले से अधिक प्रभावी तरीके से हो सकेगा।
उद्घाटन समारोह में विधायक सरयू राय ने कहा कि कुछ वर्ष पहले उत्तर प्रदेश के कुशीनगर दौरे के दौरान उन्होंने बैटरी चालित कूड़ा वाहनों का उपयोग देखा था। वहां की व्यवस्था से प्रभावित होकर उन्होंने जमशेदपुर में भी इस मॉडल को लागू करने की पहल की। उन्होंने बताया कि इस योजना को धरातल पर उतरने में लगभग एक वर्ष का समय लगा और अब इसका शुभारंभ हो चुका है।
उन्होंने कहा कि बैटरी से चलने वाले वाहन वर्तमान समय की जरूरत हैं। इससे न केवल पेट्रोल और डीजल की बचत होगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा लगातार ईंधन बचाने की अपील की जा रही है और ऐसे में नगर निकायों को भी वैकल्पिक ऊर्जा आधारित व्यवस्था अपनानी चाहिए। सरयू राय ने उम्मीद जताई कि जेएनएसी की इस पहल से प्रेरित होकर राज्य की अन्य नगरपालिकाएं भी बैटरी चालित वाहनों का उपयोग शुरू करेंगी।
जेएनएसी अधिकारियों के अनुसार, इन वाहनों के संचालन से सफाई व्यवस्था को और अधिक सुगम बनाने में मदद मिलेगी तथा शहर के उन इलाकों तक भी आसानी से पहुंचा जा सकेगा, जहां बड़े वाहन नहीं जा पाते हैं।

