Breaking
Tue. Jul 14th, 2026

हुरलुंग पुल के पास चलती हाईवा में लगी आग, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

जमशेदपुर। बिरसानगर थाना क्षेत्र के हुरलुंग पुल के समीप मंगलवार सुबह एक चलती हाईवा में अचानक आग लग जाने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना सुबह करीब पांच बजे की बताई जा रही है। आग लगने से वाहन से धुआं उठने लगा और कुछ ही देर में लपटें दिखाई देने लगीं।

जानकारी के अनुसार हाईवा वाहन संख्या जेएच02एएक्स 2778 बहरागोड़ा से जमशेदपुर की ओर आ रहा था। इसी दौरान हुरलुंग पुल के पास वाहन में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया, जिसके बाद आग लग गई। वाहन चला रहे चालक दिलीप गोप ने स्थिति को भांपते हुए तुरंत हाईवा को सड़क किनारे रोक दिया और सुरक्षित बाहर निकल गया। चालक की तत्परता से बड़ा हादसा होने से बच गया।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन हाईवा वाहन को नुकसान पहुंचा है। स्थानीय लोगों के अनुसार यदि समय रहते चालक वाहन नहीं रोकता तो हादसा गंभीर हो सकता था।

Related Post