रांची :* राजधानी रांची में पुलिस ने अपराध और फरार वारंटियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ही रात में 100 से अधिक लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। सभी की गिरफ्तारी नॉन बेलेबल वारंट (NBW) के मामलों में की गई है। यह अभियान रांची एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चलाया गया।
पुलिस की टीम ने देर रात तक शहर और आसपास के इलाकों में लगातार छापेमारी की। इस दौरान लंबे समय से फरार चल रहे वारंटी, आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोग और अदालत से जारी वारंट के बावजूद पेश नहीं होने वाले आरोपियों को पकड़ा गया। पुलिस की कार्रवाई से कई इलाकों में हड़कंप मचा रहा।
जानकारी के मुताबिक, अभियान में सभी थानों की पुलिस के साथ-साथ विशेष टीमों को भी लगाया गया था। पुलिस ने पहले से तैयार सूची के आधार पर अलग-अलग जगहों पर एक साथ दबिश दी। कई आरोपी अपने घरों से पकड़े गए, जबकि कुछ लोग छिपने की कोशिश कर रहे थे।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अदालत से जारी नॉन बेलेबल वारंट के मामलों को गंभीरता से लिया जा रहा है। ऐसे लोगों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा, ताकि कानून व्यवस्था मजबूत बनी रहे और अपराधियों में पुलिस का डर कायम हो।
एसएसपी राकेश रंजन ने सभी थाना प्रभारियों को फरार वारंटियों और अपराधियों के खिलाफ नियमित कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में भी इस तरह का विशेष अभियान जारी रहेगा।

