चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिला अंतर्गत मंझारी थाना के तांतनगर ओपी क्षेत्र के छोटा तेंताड़ा गांव में नदी में डूबने से एक 3 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है।
मृत बच्ची की मां अनीता सिरका और बड़े पिता रविंद्र सिरका ने बताया कि शनिवार की संध्या करीब 5 बजे बच्ची अपनी बड़ी बहन और गांव के अन्य बच्चों के साथ नदी में नहाने गई थी। इसी दौरान खेलते-खेलते वह गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। बच्चों के शोर मचाने पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। काफी प्रयास के बाद उसकी भाभी ने बच्ची को पानी से बाहर निकाला।
परिजनों ने बताया कि बच्ची को निकालने के बाद कुछ समय तक झाड़-फूंक कराया गया, जिससे अस्पताल ले जाने में देर हो गई। हालत गंभीर होने पर उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल चाईबासा लाया गया, यहां जांच के बाद डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।

