जमशेदपुर। रेल यात्री संघर्ष समिति ने शनिवार को शहर के दो अलग-अलग क्षेत्रों में बैठक कर आगामी हस्ताक्षर अभियान और जनआंदोलन की रूपरेखा पर चर्चा की। उलीडीह स्थित टैंक रोड पर मानगो विधायक कार्यालय में एक बैठक आयोजित हुई, जबकि दूसरी बैठक बर्मामाइंस स्थित बाबा कुटी कैरेज कॉलोनी में संपन्न हुई। दोनों बैठकों में 17 से 19 मई तक तीन अलग-अलग स्थानों पर होने वाले हस्ताक्षर अभियान एवं प्रदर्शन को लेकर विस्तृत योजना पर विचार-विमर्श किया गया।
समिति की ओर से बताया गया कि रविवार को साकची गोलचक्कर पर हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की जाएगी, जिसमें जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय की विशेष उपस्थिति रहने की संभावना है। यह पूरा कार्यक्रम समिति के संयोजक शिवशंकर सिंह के नेतृत्व में आयोजित किया जा रहा है।
उलीडीह बैठक में शिवशंकर सिंह, सुबोध श्रीवास्तव, पप्पू सिंह और कुलविंदर सिंह पन्नू सहित कई सदस्यों ने अभियान को सफल बनाने के लिए लोगों से अधिक से अधिक जुड़ने की अपील की। वहीं मानगो में 19 मई को शाम 4 बजे मानगो चौक पर भी इसी अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसकी तैयारियों पर चर्चा की गई।
इधर, बर्मामाइंस की बैठक संयोजक कन्हैया सिंह की अध्यक्षता में हुई, जिसमें सतीश सिंह, अमित शर्मा और दुर्गा राव सहित कई लोग मौजूद रहे। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने अपने सुझाव रखे और अभियान को व्यापक स्तर पर सफल बनाने पर जोर दिया। बर्मामाइंस क्षेत्र में भी 19 मई को शाम 4 बजे हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा।
दोनों बैठकों में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिन्होंने अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।

