Breaking
Sat. May 16th, 2026

दलमा की तलहटी में विकसित होंगे इको-टूरिज्म स्थल, डीएफओ के साथ विधायक सरयू राय ने किया क्षेत्र भ्रमण

जमशेदपुर। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने वन विभाग के डीएफओ सबा आलम अंसारी के साथ शनिवार को मानगो से सटे दलमा पहाड़ की तलहटी में कई इलाकों का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान क्षेत्र को पर्यावरणीय और पर्यटन दृष्टिकोण से विकसित करने को लेकर विस्तृत योजना पर सहमति बनी।

प्रस्ताव के अनुसार चंद्रावती नगर और गोपाल नगर के पीछे, कुमरूम बस्ती के पास तथा पारडीह के सामने स्थित क्षेत्रों में पार्क, तालाब, पाथ-वे और बच्चों के लिए चिल्ड्रेन पार्क जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इन स्थानों को इको-टूरिज्म केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है, जिससे यह क्षेत्र आम लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बन सके।

विधायक सरयू राय ने बताया कि इन स्थानों पर पहले से ही प्राकृतिक सुंदरता मौजूद है और कुछ संरचनाएं भी बनी हुई हैं। वन विभाग द्वारा इन क्षेत्रों का वैज्ञानिक और पर्यावरण अनुकूल तरीके से विकास किया जाएगा, ताकि यहां सुबह-शाम टहलने, घूमने-फिरने और परिवार के साथ समय बिताने के लिए बेहतर वातावरण तैयार हो सके।

उन्होंने पारडीह स्थित इंदिरा कॉलोनी के सामने बनी पुरानी जल संरचना का भी उल्लेख किया, जो वर्तमान में जर्जर अवस्था में है। कभी यह स्थान एक बड़े तालाब के रूप में हुआ करता था, लेकिन अब गाद भर जाने से इसकी स्थिति खराब हो गई है। हालांकि, पहाड़ से वर्षभर बहने वाले जल को देखते हुए इसे पुनः तालाब के रूप में विकसित करने की संभावना जताई गई है। इसके लिए जमा हुई मिट्टी हटाने पर भी सहमति बनी है।

निरीक्षण के दौरान डीएफओ ने प्रस्तावित कार्यों को वन नियमों के अनुरूप और व्यावहारिक बताया तथा इन क्षेत्रों के समुचित विकास पर सहमति व्यक्त की। योजना के तहत वन महोत्सव के दौरान स्थानीय लोगों से पौधारोपण के लिए भी आह्वान किया जाएगा, ताकि यह क्षेत्र दीर्घकालिक रूप से हरित और आकर्षक बना रहे।

इसके साथ ही यह भी विचार किया जा रहा है कि दलमा की तलहटी में ट्रैकिंग में रुचि रखने वाले युवाओं के लिए अलग से सुरक्षित और चिन्हित मार्ग विकसित किए जाएं, जिससे एडवेंचर टूरिज्म को भी बढ़ावा मिल सके।

Related Post