Breaking
Sat. May 16th, 2026

आनंद मार्ग ने 50 से अधिक रक्तवीरों को किया सम्मानित, जमशेदपुर ब्लड सेंटर में हुआ आयोजन

जमशेदपुर। शनिवार को जमशेदपुर ब्लड सेंटर में आनंद मार्ग यूनिवर्सल रिलीफ टीम ग्लोबल की ओर से एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें 50 से अधिक नियमित रक्तदाताओं को सम्मानित किया गया। ये सभी रक्तदाता आनंद मार्ग द्वारा प्रत्येक माह आयोजित किए जाने वाले स्वैच्छिक रक्तदान शिविरों में लगातार सहभागिता करते रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान रक्तदाताओं को प्रतीक चिन्ह और पौधे देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर संगठन की महिला कार्यकर्ताओं की विशेष भागीदारी रही। सभी अतिथियों ने रक्तवीरों को उनके सामाजिक योगदान के लिए शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया।

कार्यक्रम में उपस्थित सुनील आनंद ने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक कार्य नहीं, बल्कि एक आध्यात्मिक साधना भी है। उन्होंने कहा कि यदि व्यक्ति परमात्मीय भाव से रक्तदान करता है तो यह केवल शरीर का ही नहीं, बल्कि मन का भी शुद्धिकरण करता है। उनके अनुसार ऐसे भाव से किया गया रक्तदान दोहरे पुण्य का कार्य है, जिससे दाता के मन पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है और समाज को भी लाभ मिलता है।

उन्होंने यह भी कहा कि रक्तदान एक ऐसा दान है जिसका कोई विकल्प नहीं है और यह पूरी तरह निस्वार्थ भाव से किया जाने वाला कार्य है। इस कारण नियमित रक्तदाता वास्तव में “रक्तवीर” की श्रेणी में आते हैं, जो भय और संकोच पर विजय प्राप्त कर समाज के हित में कार्य करते हैं।

कार्यक्रम में यह भी उल्लेख किया गया कि सभी सम्मानित रक्तवीरों ने स्वास्थ्य विभाग के मानकों के अनुसार निर्धारित 90 दिनों के अंतराल पर नियमित रूप से रक्तदान किया है।

Related Post