Breaking
Thu. May 14th, 2026

प्रोजेक्ट-बचपन के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों में मनाया गया बाल भोज-सह-जन्मोत्सव

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम के जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार ने “प्रोजेक्ट-बचपन: भविष्य की राहें” के तहत बुधवार को सदर चाईबासा परियोजना अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र गितिलिपी और किरीगोट में आयोजित बाल भोज-सह-जन्मोत्सव कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने बच्चों के साथ संवाद किया और मई माह में जन्मदिन वाले बच्चों के साथ सामूहिक रूप से केक काटकर जन्मोत्सव मनाया। इस दौरान बच्चों ने कविता और कहानियां सुनाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

मनीष कुमार ने कहा कि आज के बच्चे ही भविष्य में देश के कर्णधार बनेंगे। आंगनबाड़ी स्तर से ही बच्चों का समग्र विकास सुनिश्चित करने और उन्हें केंद्र आने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक माह की 14 तारीख को बाल भोज-सह-जन्मोत्सव कार्यक्रम शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए खुशनुमा माहौल तैयार कर बेहतर पठन-पाठन सुनिश्चित करने के लिए लगातार नवाचार किए जाएंगे।

इस दौरान उपायुक्त ने आंगनबाड़ी केंद्रों में एएनसी जांच, स्वास्थ्य जांच समेत अन्य गतिविधियों का अवलोकन किया तथा बच्चों के लिए तैयार भोजन की गुणवत्ता की भी जांच की। कार्यक्रम में उन्होंने बच्चों को केक और खीर खिलाकर उनके साथ समय बिताया।

Related Post