Breaking
Thu. May 14th, 2026

दिशा बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा, जनहित योजनाओं को समय पर पूरा करने का निर्देश

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय सभागार में सिंहभूम सांसद जोबा माझी की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस दौरान अतिथियों का शॉल, पौधा और वेजिटेबल बास्केट देकर स्वागत किया गया।

बैठक में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं, लंबित कार्यों, बुनियादी सुविधाओं और जन समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

सांसद जोबा माझी ने कहा कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, यह सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी है। विगत बैठक में दिए गए निर्देशों की समीक्षा करते हुए सभी योजनाओं को तय समय सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में कौशल विकास केंद्रों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को रोजगारपरक प्रशिक्षण देने पर जोर दिया गया। कल्याण विभाग के तहत सामुदायिक वन पट्टा वितरण, एकलव्य विद्यालयों में पेयजल व्यवस्था, प्रधानमंत्री आदि आदर्श ग्राम योजना के बेहतर क्रियान्वयन और शत-प्रतिशत साइकिल वितरण के निर्देश दिए गए। वन विभाग को एलीफेंट अलर्ट सिस्टम और हाईमास्ट लाइट लगाने के लिए कहा गया।

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और मुख्यमंत्री ग्राम सड़क सुदृढ़ीकरण योजना के तहत सड़कों की मरम्मत, चापाकल मरम्मती, जलमीनार संचालन और बंद पड़े ग्रामीण जलापूर्ति योजनाओं को चालू करने पर भी चर्चा हुई। चक्रधरपुर और जगन्नाथपुर में जर्जर पानी टंकियों के सुरक्षित निस्तारण का निर्देश दिया गया।

जिला पंचायत राज कार्यालय को 20 सूत्री कार्यक्रम की तर्ज पर प्रखंड स्तरीय बैठक और जिला योजना समिति की बैठक नियमित रूप से आयोजित करने को कहा गया। तांतनगर में बने फार्मेसिस्ट कॉलेज के संचालन, नवोदय विद्यालय में पारदर्शी नामांकन प्रक्रिया और नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य निरीक्षण पर भी जोर दिया गया।

बैठक में मोबाइल कनेक्टिविटी, जेएसएलपीएस के माध्यम से आजीविका संवर्धन, भूमिहीन लोगों को दो-दो डिसमिल जमीन उपलब्ध कराने और मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत लाभुकों को प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए गए। बिजली व्यवस्था दुरुस्त रखने और ग्रामीण मार्गों के किनारे नए बिजली पोल लगाने को भी कहा गया।

उपायुक्त मनीष कुमार ने बैठक में बताया कि आपदा से संबंधित लंबित मुआवजा आवेदनों पर कार्रवाई की जा रही है। आंधी-तूफान और बारिश से प्रभावित लोगों को पंचायत स्तर पर आकस्मिक कोष से तत्काल राहत उपलब्ध कराने, सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में सर्पदंश के लिए एंटीवेनम उपलब्ध रखने और राजस्व शिविरों का नियमित आयोजन करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने बताया कि जैक बोर्ड परीक्षा परिणाम में जिले की रैंकिंग में सुधार हुआ है। ब्लड बैंक लाइसेंस, नवनियुक्त होमगार्ड प्रशिक्षण, पोस्टमार्टम हाउस में फ्रीजर की व्यवस्था और जनगणना कार्य को लेकर भी कार्रवाई जारी है। मिशन वात्सल्य योजना के तहत एकल अभिभावक के बच्चों को स्पॉन्सरशिप योजना से जोड़ने के लिए जनप्रतिनिधियों से सहयोग की अपील की गई। योजना के तहत बच्चों को 18 वर्ष की आयु तक प्रतिमाह 4000 रुपये दिए जाते हैं।

*परिसंपत्ति वितरण*

बैठक के दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभुकों के बीच डमी चेक, प्रेशर कुकर, साइकिल, सामुदायिक वन पट्टा, स्कूल बैग, किताबें, खेल किट, मत्स्य विपणन किट, ट्रैक्टर और अन्य कृषि उपकरण वितरित किए गए। जैक बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा टीबी मरीजों को पोषण आहार और एचपीवी वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट भी प्रदान किए गए।

*जागरूकता रथ को दिखाई गई हरी झंडी*

बैठक के बाद समाहरणालय परिसर से पोषण, सामाजिक कुरीति निवारण, जनगणना, खाद्य वितरण, आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन, टीबी मुक्त भारत, एचपीवी वैक्सीन, रक्तदान शिविर, मिशन परख, पेयजल एवं स्वच्छता तथा जेएसएलपीएस के प्रोजेक्ट बदलाव से संबंधित जागरूकता रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

इस दौरान समाज कल्याण विभाग के स्टॉल, हेल्थ कैंप, आभा कार्ड निर्गमन केंद्र और जेएसएलपीएस के पलाश मार्ट स्टॉल का भी निरीक्षण किया गया। उपस्थित अतिथियों ने स्वास्थ्य जांच भी कराई।

बैठक में खूंटी सांसद कालीचरण मुंडा, मंझगांव विधायक निरल पुरती, चक्रधरपुर विधायक सुखराम उरांव, जगन्नाथपुर विधायक सोनाराम सिंकु, मनोहरपुर विधायक जगत माझी, उपायुक्त मनीष कुमार, जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरेन, उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, वन प्रमंडल पदाधिकारी सारंडा, चाईबासा, कोल्हान और पोड़ाहाट के अधिकारी, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, जिला स्तरीय पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता, चाईबासा नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश, चक्रधरपुर नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव, नगर परिषद प्रशासक, प्रखंड प्रमुख समेत अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Related Post