चाईबासा: स्टांप पेपर एवं कोर्ट फीस टिकट की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने को लेकर गुरुवार को जिला कोषागार कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। बैठक जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मनीष कुमार के निर्देश पर जिला कोषागार पदाधिकारी सुमित कुमार की अध्यक्षता में हुई।
बैठक में बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं एवं स्टांप वेंडर्स ने हिस्सा लिया। जिला बार एसोसिएशन के महासचिव फादर अगस्तिन कुल्लू ने स्टांप वेंडर्स को स्टांप पेपर और कोर्ट फीस टिकट की उपलब्धता में आने वाली समस्याओं को उठाया। उन्होंने कहा कि समय पर स्टांप पेपर एवं कोर्ट फीस टिकट उपलब्ध नहीं होने से न्यायिक कार्य प्रभावित होते हैं और वकीलों के साथ-साथ मुवक्किलों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
बैठक में जिला कोषागार पदाधिकारी सुमित कुमार ने निर्णय लेते हुए कहा कि जिला कोषागार द्वारा प्रत्येक सप्ताह शुक्रवार को स्टांप वेंडर्स को स्टांप पेपर एवं कोर्ट फीस टिकट उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए स्टांप वेंडर्स को बुधवार तक अपना चालान कोषागार में जमा कर डिफेस कराना होगा।
उन्होंने बताया कि कोषागार में सभी प्रकार के न्यायालयी स्टांप एवं नॉन ज्यूडिशियल स्टांप पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखे जाएंगे, ताकि किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।
बैठक में बार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष कैसर परवेज, सरकारी वकील पवन शर्मा, अधिवक्ता राजाराम गुप्ता, स्टांप वेंडर्स विद्युत राय, तिलक महतो, बुधराम गोप समेत अन्य लोग उपस्थित थे।

