जमशेदपुर। टेल्को स्थित गुलमोहर हाई स्कूल में आयोजित तीन दिवसीय “समर फन ब्लास्ट 2026” का गुरुवार को भव्य और उत्साहपूर्ण समापन हुआ। यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए मनोरंजन के साथ-साथ रचनात्मकता, अनुभवात्मक शिक्षा, नेतृत्व क्षमता और व्यावहारिक जीवन कौशल विकसित करने का महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्राचार्या प्रीति सिन्हा द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। उद्घाटन समारोह का संचालन छात्रा चांदनी ने किया। शिविर के दौरान विद्यार्थियों ने एरोबिक्स गतिविधियों में भाग लेकर फिटनेस, अनुशासन, तालमेल और टीमवर्क का अभ्यास किया।
समर फन ब्लास्ट 2026 की मुख्य आकर्षण 12 अलग-अलग स्किल कैंप रहे, जिनमें डांस, म्यूजिक, पब्लिक स्पीकिंग, कोडिंग, ज्वेलरी डिजाइनिंग, स्टिचिंग एवं क्रोशिया, ब्यूटी एंड हेयर स्टाइलिंग, फायरलेस कुकिंग, क्विजिंग और रैंप वॉक जैसी गतिविधियां शामिल थीं। इन कैंपों के माध्यम से बच्चों को रचनात्मकता के साथ-साथ व्यावसायिक और व्यवहारिक कौशल सीखने का अवसर मिला। पब्लिक स्पीकिंग और क्विज प्रतियोगिताओं ने विद्यार्थियों के आत्मविश्वास और संचार क्षमता को मजबूत किया, वहीं संगीत और नृत्य गतिविधियों ने टीमवर्क और अभिव्यक्ति क्षमता को निखारा।
कार्यक्रम के दूसरे दिन आयोजित ट्रेजर हंट प्रतियोगिता विद्यार्थियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही। प्रतियोगिता को पूरी तरह डिजिटल और पेपरलेस तरीके से आयोजित किया गया, जिससे पर्यावरण संरक्षण और तकनीक आधारित शिक्षा का संदेश दिया गया। प्रतियोगिता में बच्चों ने टीमवर्क, समस्या समाधान और तार्किक सोच का शानदार प्रदर्शन किया।
समापन दिवस “ए पेरेंट्स लव” थीम पर आधारित रहा। ग्रैंड फिनाले में विद्यालय बैंड ने पृथ्वी सर के मार्गदर्शन में शानदार प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विद्यार्थियों ने संगीत, नृत्य, फिटनेस, पब्लिक स्पीकिंग और रैंप वॉक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। “आज की नारी” थीम पर आयोजित माताओं की रैंप वॉक कार्यक्रम का सबसे भावुक और प्रेरणादायक हिस्सा रही।
विद्यालय पुस्तकालय में आयोजित प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने फायरलेस कुकिंग, आर्ट एंड क्राफ्ट, कोडिंग, क्रोशिया और ज्वेलरी डिजाइनिंग से जुड़ी अपनी रचनाएं प्रदर्शित कीं। कार्यक्रम में “समर्थ सारथी” छात्र नेताओं ने आयोजन प्रबंधन की जिम्मेदारी संभालते हुए नेतृत्व, समय प्रबंधन और समन्वय क्षमता का उत्कृष्ट परिचय दिया।
पूरे कार्यक्रम का संचालन उप प्राचार्या अर्चना श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में गतिविधि समन्वयक गार्गी मुखर्जी ने किया। आयोजन को सफल बनाने में अनुनिता, प्रेरणा, मिंकी, विपुल सर और शशिकला सहित शिक्षकों की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

