चांडिल। सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र में अवैध महुआ चुलाई शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ उत्पाद विभाग ने विशेष छापेमारी अभियान चलाया। यह अभियान उपायुक्त सरायकेला-खरसावां के निर्देश पर उत्पाद अधीक्षक क्षितिज विजय मिंज के नेतृत्व में संचालित किया गया।
अभियान के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने चिल्गु के समीप स्थित खोखरोडीह, जड़ियाडीह, चाकुलिया और हमसदा टोला सहित कई गांवों में छापेमारी की। विभागीय अधिकारियों के अनुसार कार्रवाई के दौरान पांच अवैध शराब भट्टियों को ध्वस्त किया गया। इसके अलावा करीब 1000 किलो जावा महुआ नष्ट किया गया तथा लगभग 50 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद कर उसे भी नष्ट कर दिया गया।
उत्पाद विभाग ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। विभागीय टीम ग्रामीण और सुदूर क्षेत्रों में नियमित निगरानी कर रही है ताकि अवैध शराब कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
अधिकारियों ने कहा कि अवैध शराब के सेवन से स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है तथा इससे कानून व्यवस्था की समस्या भी उत्पन्न हो सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए विभाग द्वारा समय-समय पर विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। विभाग ने लोगों से भी अपील की है कि अवैध शराब निर्माण या बिक्री की जानकारी मिलने पर इसकी सूचना प्रशासन को दें।
उत्पाद विभाग के अनुसार आगे भी जिले के विभिन्न क्षेत्रों में इसी प्रकार की छापेमारी जारी रहेगी और अवैध शराब कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

