Breaking
Tue. May 12th, 2026

बोकारो के जंगल में भारी मात्रा में वोटर आईडी, पैन और एटीएम कार्ड बरामद, जांच में जुटी पुलिस

बोकारो:- जिले के सेक्टर-6 थाना क्षेत्र के जंगल इलाके में भारी मात्रा में सरकारी और निजी दस्तावेज लावारिस हालत में मिलने से सनसनी फैल गई है। बरामद दस्तावेजों में वोटर आईडी कार्ड, पैन कार्ड और एटीएम कार्ड शामिल हैं। घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। सेक्टर-6 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर संगीता कुमारी ने बताया कि बीती देर रात पुलिस को सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के सुनसान जंगल इलाके में बड़ी संख्या में विभिन्न प्रकार के कार्ड और दस्तावेज बिखरे पड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी दस्तावेजों को कब्जे में लेकर थाना लाई। पुलिस के अनुसार, बरामद दस्तावेजों की जांच के लिए अनुमंडल कार्यालय चास से भी एक टीम पहुंची है, जो दस्तावेजों की सत्यता और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद कार्ड असली हैं या नकली, सक्रिय हैं या निष्क्रिय। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कहीं रिजेक्ट या बेकार दस्तावेजों को यहां फेंका गया है या फिर इनका इस्तेमाल किसी वित्तीय धोखाधड़ी अथवा चुनावी गड़बड़ी के लिए किया जाना था।फिलहाल मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस जांच में जुटी हुई है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।

Related Post