चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र के उंधन गांव के पास सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब बारात से लौट रही बारातियों से भरी एक पिकअप वैन अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 10 फीट नीचे खेत में जा गिरी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।
मृतकों की पहचान बारंगा गांव निवासी 12 वर्षीय रोहन गोप और गोपीपुर गांव निवासी 25 वर्षीय दशरथ सरदार के रूप में हुई है। वहीं हादसे में घायल लोगों में गोपीपुर गांव के सूरज महतो (22), शिशुपाल मोदी (26), राहुल गोप (20), बारंगा गांव के गोपी मोदी (18), सौरभ लोहार (16) तथा मेदासाई गांव निवासी सुरेश गोप (48) शामिल हैं। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन संख्या जेएच-06सी/7345 बारंगा गांव से बारातियों को लेकर आनंदपुर प्रखंड के समीज गांव गया था। शादी समारोह संपन्न होने के बाद सभी लोग देर रात वापस लौट रहे थे। इसी दौरान उंधन गांव के समीप चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। तेज रफ्तार में चल रही पिकअप सड़क किनारे असंतुलित होकर नीचे खेत में पलट गई। बताया जा रहा है कि वाहन में बारातियों के साथ साउंड सिस्टम का सामान भी लदा हुआ था, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के वक्त जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनाई दी, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला। अंधेरे और ग्रामीण क्षेत्र होने के कारण राहत कार्य में शुरुआती परेशानी भी हुई। सूचना मिलने पर मनोहरपुर थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन पर अत्यधिक भार हादसे की वजह मानी जा रही है।

