बोकारो। सिटी पार्क स्थित मजार शरीफ में दानपेटी तोड़कर चोरी करने के मामले का बीएस सिटी थाना पुलिस ने खुलासा कर लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गई नकदी एवं चांदी के सिक्के बरामद किए हैं। इस संबंध में शाह मोहल्ला भर्रा निवासी मो. एनायतुल हक शाह ने बीएस सिटी थाना में लिखित आवेदन देकर बताया था कि 7 मई की रात अज्ञात चोरों ने मजार के मुख्य गेट का इंटरलॉक ताला तोड़कर दानपेटी से करीब 11 हजार रुपये एवं चांदी के सिक्के चोरी कर लिए। मामले में बीएस सिटी थाना कांड संख्या 88/26 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। अनुसंधान के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर पुलिस ने सेक्टर-1 सी विकास नगर निवासी 19 वर्षीय विशाल कुमार को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर विकास नगर स्थित झोपड़ी से चोरी की राशि और चांदी के सिक्के बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपी के पास से दो चांदी जैसे सिक्के तथा 8456 रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी विशाल कुमार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है तथा चोरी में किसी अन्य की संलिप्तता की भी पड़ताल की जा रही है।

