Breaking
Sun. May 10th, 2026

हाथी ने एक युवक को घायल किया, स्कूल भवन को तोड़ा

कोडरमा। सतगावां प्रखंड अंतर्गत भखरा गांव में शुक्रवार की देर रात जंगली हाथियों के एक झुंड ने जमकर उत्पात मचाया है। हाथियों ने न केवल सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया, बल्कि एक ग्रामीण को बुरी तरह कुचलकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है और ग्रामीण रतजगा करने को मजबूर हैं। भखरा गांव में दाखिल हुए हाथियों ने सबसे पहले वहां स्थित यूपीएस स्कूल को निशाना बनाया। गजराज ने स्कूल के दरवाजों और खिड़कियों को मलबे में तब्दील कर दिया और वहां मध्याह्न भोजन के लिए रखे चावल की बोरी को चट कर गए। इसी दौरान वहां पहुंचे गांव के पृथ्वी राम (35 वर्ष, पिता शिबू राम) को हाथियों ने अपनी चपेट में ले लिया। हाथी ने उन्हें पटक कर कुचल दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। इधर परिजनों और ग्रामीणों के सहयोग से तत्काल उन्हें सतगांवां के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां प्रार्थमिक उपचार के बाद चिकित्सकों द्वारा उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे कोडरमा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। इधर सदर अस्पताल चोट की गंभीरता को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर कर दिया है, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। यह पहली बार नहीं है जब हाथियों ने जान- माल का नुकसान किया है। इससे पूर्व भी डोमचांच, जयनगर और मरकच्चो प्रखंड के सीमावर्ती गांवों में हाथियों ने कई घरों को ध्वस्त किया है और फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है। बताते चलें कि बीते दो वर्षों में हाथियों के उत्पात से न केवल लोगों को आर्थिक नुकसान हुआ है, बल्कि हाथियों के उत्पात से कइयों ने अपना आशियाना भी खोया है। वहीं हाथियों के हमले से दर्जनों लोगों ने अपने पिता, पुत्र, मां तथा भाई को खोया है। लोगों में वन विभाग के खिलाफ काफी आक्रोश है।

Related Post