जमशेदपुर। टेल्को थाना क्षेत्र अंतर्गत जेम्को स्थित मिश्रा बगान इलाके में शुक्रवार की रात अचानक हुई फायरिंग की घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बाइक और गाड़ियों की आवाजाही वाले इस इलाके में रात करीब आठ बजे अपराधियों ने ताबड़तोड़ तीन राउंड गोलियां चलायीं, जिसके बाद स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। हालांकि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग अपने घरों में दुबक गए।
सूचना मिलते ही टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखा बरामद किया है, जिसे जांच के लिए जब्त कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे आपसी रंजिश और जमीन विवाद से जुड़ा मामला मान रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार मिश्रा बगान इलाके में जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच पिछले कई दिनों से तनाव चल रहा था। दोनों गुटों के बीच पहले भी विवाद और कहासुनी की घटनाएं हो चुकी थीं। आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद को लेकर अपराधियों ने इलाके में दहशत फैलाने के उद्देश्य से फायरिंग की घटना को अंजाम दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दो युवक वाहन से पहुंचे और कुछ देर रुकने के बाद अचानक फायरिंग शुरू कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों अपराधी तेजी से मौके से फरार हो गए।
घटनास्थल के आसपास राजनीतिक गतिविधियां भी रहती हैं और पास में ही झामुमो का स्थानीय कार्यालय होने के कारण घटना के बाद इलाके में काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। इलाके में लगे निजी और दुकान के कैमरों की भी जांच की जा रही है।
टेल्को थाना प्रभारी सुरेश प्रसाद भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस सभी बिंदुओं पर पड़ताल कर रही है और जल्द ही घटना में शामिल अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी कर ली जाएगी।

