कपाली। सरायकेला खरसावां जिला स्थित कपाली थाना क्षेत्र स्थित स्वर्णरेखा नदी के डोबो पुल पर शुक्रवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवती ने अचानक पुल से नदी में छलांग लगा दी। घटना को देख आसपास मौजूद लोगों के होश उड़ गए। संयोग से उस वक्त नदी में कुछ मछुआरे जाल डाल रहे थे। उन्होंने बिना देर किए नदी में उतरकर युवती को बाहर निकाल लिया और उसकी जान बचा ली। स्थानीय लोगों ने मछुआरों की बहादुरी और तत्परता की सराहना की है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवती काफी देर तक पुल पर अकेली खड़ी थी। इसके बाद उसने अचानक नदी में छलांग लगा दी। घटना के तुरंत बाद पुल पर लोगों की भीड़ जुट गई। मछुआरों ने काफी मशक्कत के बाद युवती को सुरक्षित किनारे तक पहुंचाया। सूचना मिलते ही कपाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को अपने साथ थाने ले गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि युवती को गंभीर चोट नहीं आई है, लेकिन वह मानसिक रूप से काफी तनाव में दिखाई दे रही है। महिला पुलिसकर्मियों द्वारा उससे पूछताछ की गई, मगर उसने अपना नाम-पता या घटना के कारणों के बारे में कुछ भी बताने से इनकार कर दिया। उसकी लगातार चुप्पी के कारण पुलिस को पहचान स्थापित करने में परेशानी हो रही है।
फिलहाल युवती को सुरक्षित निगरानी में रखा गया है। पुलिस ने उसका मेडिकल जांच भी कराया है और आसपास के थाना क्षेत्रों में उसकी पहचान को लेकर सूचना भेजी गई है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि युवती स्थानीय है या किसी दूसरे इलाके से यहां पहुंची थी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि मामला आत्महत्या के प्रयास का है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।

