Breaking
Fri. May 8th, 2026

साहिबगंज में अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़, बंद घर से 16 अर्धनिर्मित पिस्टल बरामद*

साहिबगंज:जिले में अवैध हथियार कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जिले के पतना प्रखंड क्षेत्र स्थित आमगाछी केंदुआ ईदगाह के पास एक बंद घर में चल रही अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया। गुरुवार सुबह रांगा थाना पुलिस और बिहार एसटीएफ की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की।

पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो घर बाहर से बंद मिला। चार ताले तोड़कर जैसे ही पुलिस अंदर दाखिल हुई, कमरे का नजारा देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। घर के अंदर हथियार बनाने की मशीनें, लेथ मशीन, आधुनिक उपकरण, मैगजीन और बड़ी मात्रा में हथियार बनाने का सामान रखा हुआ था। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 16 अर्धनिर्मित पिस्टल भी बरामद किए।

जानकारी के अनुसार, बिहार में हाल ही में गिरफ्तार कुछ अपराधियों से पूछताछ के दौरान इस अवैध फैक्ट्री का खुलासा हुआ था। उसी निशानदेही पर बिहार एसटीएफ और झारखंड पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया। माना जा रहा है कि यहां बड़े स्तर पर अवैध हथियार तैयार कर अलग-अलग राज्यों में सप्लाई किए जाते थे।

स्थानीय लोगों ने बताया कि जिस घर से हथियार बरामद हुए, वहां लंबे समय से बाहरी लोगों का आना-जाना था, लेकिन किसी को अंदर चल रही गतिविधियों की भनक तक नहीं लगी। अचानक हुई पुलिस कार्रवाई और भारी मात्रा में हथियार बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई।

फिलहाल पुलिस ने सभी बरामद सामान को जब्त कर लिया है और घर के मालिक समेत पूरे नेटवर्क की तलाश शुरू कर दी गई है। मौके पर बरहड़वा एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल, बरहड़वा थाना प्रभारी सुमित कुमार सिंह, रांगा थाना प्रभारी गौरव सहित कई पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद रहे।

Related Post