जमशेदपुर। पश्चिमी बंगाल में चुनाव परिणाम आने के बाद कथित हिंसा और अराजकता के विरोध में गुरुवार को पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से साकची गोलचक्कर में जोरदार प्रतिकार प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का पुतला दहन कर भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष परविंदर सिंह ने किया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पांच राज्यों के चुनाव परिणाम आने के बाद पश्चिम बंगाल में जिस प्रकार की घटनाएं सामने आ रही हैं, वह बेहद चिंताजनक है। जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह ने कहा कि चुनाव लोकतंत्र का हिस्सा है और जनता के फैसले को सभी राजनीतिक दलों को स्वीकार करना चाहिए, लेकिन बंगाल में भाजपा की जीत के बाद वहां का माहौल हिंसक हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं पर अत्याचार, राजनीतिक प्रतिशोध, आगजनी, तोड़फोड़ और हत्या जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे राज्य की स्थिति मणिपुर जैसी बनती जा रही है।
उन्होंने कहा कि मणिपुर लंबे समय से हिंसा की आग में झुलस रहा है और केंद्र सरकार वहां शांति बहाल करने में पूरी तरह विफल रही है। अब पश्चिम बंगाल में भी उसी तरह का माहौल बनने लगा है। कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से इसका विरोध कर रही है और केंद्र सरकार को चेतावनी देना चाहती है कि लोकतांत्रिक संस्थाओं और राज्यों की शांति व्यवस्था के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने का आरोप लगाया। नेताओं ने कहा कि देश में भय और नफरत की राजनीति को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिसके खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क से लेकर सदन तक आवाज उठाते रहेंगे।
प्रतिकार प्रदर्शन में जिला महासचिव राकेश साहू, कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता, प्रखंड अध्यक्ष, युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के कार्यकर्ता समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस समर्थक मौजूद थे। प्रदर्शन के दौरान साकची गोलचक्कर क्षेत्र में काफी देर तक राजनीतिक माहौल गर्म रहा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर भाजपा विरोधी नारे लगाए।

