चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में उद्योगपति पदम कुमार जैन द्वारा प्रायोजित 15वीं ज्ञान चंद जैन अंतर स्कूल क्रिकेट प्रतियोगिता 2025-26 के तहत खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में शारदा उच्च विद्यालय, बड़ा बैदी और मधुसूदन महतो उच्च विद्यालय, आसनतलिया ने जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह बना ली।
बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम, चाईबासा में खेले गए पहले क्वार्टर फाइनल मैच में शारदा उच्च विद्यालय बड़ा बैदी ने इंदिरा गांधी शिक्षा निकेतन, चक्रधरपुर को 20 रन से हराया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए शारदा उच्च विद्यालय ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 184 रन बनाए। राकेश प्रधान ने नाबाद 34, सुशील बानरा ने 32, अमन महतो ने 28, प्रिंस राज महतो ने 25 और कमलेश ने 15 रन बनाए। इंदिरा गांधी शिक्षा निकेतन की ओर से सुरज प्रमाणिक और हर्षित ने तीन-तीन विकेट लिए।
जवाब में इंदिरा गांधी शिक्षा निकेतन की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 164 रन ही बना सकी। कप्तान अयांश सिन्हा ने 55, कृष्णा किशोर सिंह ने 41 और सुरज प्रमाणिक ने 18 रन बनाए। शारदा उच्च विद्यालय की ओर से दुबराज महतो ने तीन विकेट हासिल किए। राकेश प्रधान को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरे क्वार्टर फाइनल मुकाबले में मधुसूदन महतो उच्च विद्यालय, आसनतलिया ने गत वर्ष की संयुक्त विजेता संत जेवियर्स इंग्लिश स्कूल, चाईबासा को 31 रन से हराया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए मधुसूदन महतो उच्च विद्यालय ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 159 रन बनाए। कप्तान समरेश महतो ने शानदार 71 रन की पारी खेली। राजीव सिंह मुंडा ने 25, पप्पु यादव ने 16 और रौनक महतो ने 13 रन बनाए। संत जेवियर्स इंग्लिश स्कूल की ओर से अविरल ने चार विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी संत जेवियर्स इंग्लिश स्कूल की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 128 रन ही बना सकी। प्रशांत कुमार ने 37 और गगन विक्रांत टोपनो ने 36 रन बनाए। मधुसूदन महतो उच्च विद्यालय की ओर से रौनक महतो ने तीन विकेट लिए, जबकि राजवीर सिंह मुंडा और मनीष यादव ने दो-दो विकेट हासिल किए। समरेश महतो को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
अब 8 अप्रैल को सुबह 7 बजे पहले सेमीफाइनल में शारदा उच्च विद्यालय बड़ा बैदी का मुकाबला मधुसूदन पब्लिक स्कूल आसनतलिया से होगा।
वहीं दोपहर 2 बजे दूसरे सेमीफाइनल में संत जेवियर्स बालक उच्च विद्यालय चाईबासा का सामना मधुसूदन महतो उच्च विद्यालय आसनतलिया से होगा। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 11 अप्रैल को दोपहर 2 बजे खेला जाएगा।

