लातेहार*: जिले के बालूमाथ प्रखंड मुख्यालय अंतर्गत मुरपा मोड़ के समीप रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिजरा (रोहन) गांव निवासी 30 वर्षीय साजिद अंसारी (पिता – शिफारत मियां, थाना – हेरहंज) हीरो शोरूम के सामने सड़क पार कर रहे थे, तभी कोयला लदे तेज रफ्तार हाईवा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भयावह था कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। गुस्साए ग्रामीणों ने मुरपा मोड़ के पास सड़क जाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
सूचना मिलते ही बालूमाथ थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेज दिया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
ज्ञात हो कि बालूमाथ क्षेत्र इन दिनों सड़क दुर्घटनाओं का हॉट स्पॉट बनता जा रहा है। हाल के दिनों में यहां दर्जनों हादसे हो चुके हैं, जिनमें कई लोगों की जान जा चुकी है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इन दुर्घटनाओं के पीछे मुख्य वजह कोयला परिवहन में लगे तेज रफ्तार ट्रक और हाईवा हैं। ट्रिप पूरा करने की जल्दबाजी में ये वाहन चालक लापरवाही से गाड़ी चलाते हैं, जिसका खामियाजा आम नागरिकों को भुगतना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन पर भी लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि वर्षों से दिन के समय कोयला ढोने वाले भारी वाहनों पर नो-एंट्री लागू करने की मांग की जा रही है, लेकिन इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

