Breaking
Tue. Apr 28th, 2026

पद्मावती जैन सरस्वती शिशु मंदिर की शानदार जीत, डीपीएस पब्लिक स्कूल को 8 विकेट से हराया

चाईबासा: ज्ञान चंद जैन अंतर स्कूल क्रिकेट प्रतियोगिता 2025-26 के तहत खेले गए मुकाबले में पद्मावती जैन सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, चाईबासा ने डीपीएस पब्लिक स्कूल, चाईबासा को एकतरफा मुकाबले में 8 विकेट से हराकर अपनी पहली जीत दर्ज की। वहीं, डीपीएस पब्लिक स्कूल की टीम अपने दोनों लीग मैच हारकर प्रतियोगिता से लगभग बाहर हो गई है।

पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में उद्योगपति पदम कुमार जैन द्वारा प्रायोजित इस 15वीं प्रतियोगिता में आज खेले गए मैच में डीपीएस पब्लिक स्कूल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। टीम 15.4 ओवर में 94 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। सुमन उरांव ने 32 रन बनाए, जबकि केशव प्रैक्टिस और आयुष निषाद ने 10-10 रन का योगदान दिया।

पद्मावती जैन सरस्वती शिशु विद्या मंदिर की ओर से नीलेश कुमार दास ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 24 रन देकर 5 विकेट लिए। मयंक पाठक और प्रेम को दो-दो विकेट मिले।

95 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पद्मावती जैन सरस्वती शिशु विद्या मंदिर की टीम ने 8.2 ओवर में 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

दिग्विजय पॉल ने 9 चौकों की मदद से 44 रन बनाए, जबकि आर्यन राज ने नाबाद 33 रन की पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। दोनों बल्लेबाजों के बीच दूसरे विकेट के लिए 66 रन की साझेदारी हुई।

डीपीएस पब्लिक स्कूल की ओर से आयुष निषाद और आलोक राज को एक-एक विकेट मिला।

मैच के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में नीलेश कुमार दास को उनकी शानदार गेंदबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। यह पुरस्कार पूर्व क्रिकेटर और मैच स्कोरर राहुल लकड़ा ने प्रदान किया।

Related Post