बोकारो: जिले के पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत चाकुलिया टोला (रामडीह) में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक शराबी पति विकास रजवार ने अपनी ही पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। मृतका की पहचान 25 वर्षीय शानु देवी के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच नैहर (मायके) जाने को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान आरोपी पति गुस्से में आपा खो बैठा और कुल्हाड़ी से पत्नी पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी घर से निकल गया, लेकिन कुछ देर बाद वापस लौटा। हैरानी की बात यह रही कि वह दोबारा शराब पीकर आया और पत्नी के शव के पास ही सो गया।
रविवार की सुबह जब उसके पिता ने उसे जगाया और घटना के बारे में पूछा, तो उसने बेखौफ अंदाज में स्वीकार कर लिया कि उसने ही अपनी पत्नी की हत्या की है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

