Breaking
Sat. Aug 15th, 2026

रांची महिला आक्रोश रैली पर सियासत तेज, राकेश साहू ने भाजपा पर साधा निशाना

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस के महासचिव राकेश साहू ने शनिवार को रांची में आयोजित भाजपा की महिला आक्रोश रैली को लेकर कड़ा हमला बोला है। उन्होंने दावा किया कि यह रैली पूरी तरह विफल रही और महिलाओं के मुद्दों पर भाजपा केवल दिखावटी राजनीति कर रही है।

जारी प्रेस बयान में राकेश साहू ने कहा कि महिला आरक्षण के नाम पर भाजपा देशभर में लोगों को भ्रमित करने की कोशिश कर रही है, जबकि वास्तविकता यह है कि महिलाओं को अधिकार और सम्मान दिलाने की दिशा में कांग्रेस ने ऐतिहासिक काम किए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने ही देश में महिला सशक्तिकरण की मजबूत नींव रखी और आगे भी महिलाओं के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहेगी।

साहू ने वर्ष 2023 में पारित महिला आरक्षण कानून का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने अब तक इसे लागू नहीं किया है, जिससे उसकी मंशा पर सवाल उठता है। उन्होंने कहा कि देश की जनता, विशेषकर महिलाएं, अब जागरूक हैं और वे किसी भी तरह के दुष्प्रचार में आने वाली नहीं हैं।

उन्होंने लोगों से महिला आरक्षण कानून की वास्तविक स्थिति को समझने और तथ्यों के आधार पर अपनी राय बनाने की अपील की। साथ ही उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में महिलाओं का समर्थन कांग्रेस के पक्ष में जाएगा, जिससे विभिन्न राज्यों में पार्टी की स्थिति और मजबूत होगी।

Related Post