चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में उद्योगपति पदम कुमार जैन द्वारा प्रायोजित 15वीं ज्ञान चंद जैन अंतर स्कूल क्रिकेट प्रतियोगिता 2025-26 के तहत खेले गए मैचों में संत जेवियर्स इंगलिश स्कूल चाईबासा और संत जेवियर्स बालक उच्च विद्यालय चाईबासा ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर चार-चार अंक हासिल किए।
बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम में सुबह खेले गए पहले मैच में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए संत जेवियर्स इंगलिश स्कूल ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 156 रन बनाए। विक्रांत टोपनो ने नाबाद 63 रन (7 चौके, 2 छक्के) और अविरल ने 53 रन (9 चौके) की पारी खेली। इंदिरा गांधी शिक्षा निकेतन चक्रधरपुर की ओर से अयांश सिन्हा ने 18 रन देकर 5 विकेट लिए, जबकि अनिस सिन्हा, हर्ष ग्वाला और सुरज प्रमाणिक को एक-एक विकेट मिला।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंदिरा गांधी शिक्षा निकेतन की टीम 16.3 ओवर में 72 रन पर सिमट गई और 84 रन से मैच हार गई। अयांश सिन्हा ने 23 रन और सुरज प्रमाणिक ने 18 रन बनाए। टीम के पांच बल्लेबाज खाता नहीं खोल सके। संत जेवियर्स इंगलिश स्कूल के अविरल को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दोपहर में खेले गए दूसरे मैच में संत जेवियर्स बालक उच्च विद्यालय चाईबासा ने मधुसूदन पब्लिक स्कूल आसनतलिया को 4 विकेट से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए मधुसूदन पब्लिक स्कूल ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 182 रन बनाए। रौशन सिंह यादव ने 103 रन (13 चौके, 5 छक्के) की शतकीय पारी खेली, जबकि साहिल ने 22 और जयवंत कच्छप ने 14 रन बनाए। संत जेवियर्स की ओर से आलोक कुमार महतो ने 3 और चंदन देवगम ने 2 विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए संत जेवियर्स बालक उच्च विद्यालय ने 17.4 ओवर में 6 विकेट पर 186 रन बनाकर मैच जीत लिया। शिवम लाल विश्वकर्मा ने 54 रन (10 चौके), आलोक कुमार महतो ने 50 रन (7 चौके, 3 छक्के) की तेज पारी खेली। रिषभ राज ने 30 और आयुष बहादुर ने 20 रन का योगदान दिया। मधुसूदन पब्लिक स्कूल की ओर से अयांश श्रीवास्तव और रौशन सिंह यादव ने दो-दो विकेट लिए। आलोक कुमार महतो को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

